धनबाद: केंदुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत आवास के सामने लगे टेलीफोन पोल को उखाड़कर चोरी कर ले जाने और बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में बैकवर्ड क्लासेस एम्प्लॉईज को-ऑर्डिनेशन कौंसिल के जिला महामंत्री सहदेव प्रसाद पासवान ने केंदुआडीह थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता के आवास के सामने स्थित टेलीफोन पोल पिछले करीब 20 वर्षों से लगा हुआ था, जिसे हाल ही में जेसीबी/मशीन की मदद से उखाड़ दिया गया। आरोप है कि दिनदहाड़े पोल को उखाड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसे कबाड़ी दुकान में ले जाकर बेच दिया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए चोरी गए टेलीफोन पोल व सामग्री को बरामद किया जाए। साथ ही, पोल उखाड़ने और उसे बेचने वाले असामाजिक तत्वों व अपराधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
|