6 सितंबर 2006 को हुए दर्दनाक गैसीय विस्फोट में गंवाई थी जान, स्मारक पर जुटेंगे अधिकारी, यूनियन व परिजन
महुदा (धनबाद): बीसीसीएल की भाटडीह कोलियरी स्थित नागदा 17 नंबर इंकलाइन में 6 सितंबर 2006 को हुए भीषण गैसीय विस्फोट में शहीद हुए 50 श्रमिकों को आज (रविवार, 6 सितंबर) शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस अवसर पर बीसीसीएल प्रबंधन के वरीय अधिकारी, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और पीड़ित परिजन उपस्थित होकर शहीदों को नमन करेंगे।
तैयारियां पूरी, सीएमडी समेत जुटेंगे आला अधिकारी
बीसीसीएल प्रबंधन ने नागदा कोलियरी कार्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक का रंग-रोगन कर कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस स्मृति सभा में बीसीसीएल के सीएमडी, निदेशक (कार्मिक), निदेशक (तकनीकी) और पश्चिमी झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक सहित कई स्थानीय अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा स्मारक के निकट ही बीसीकेयू द्वारा स्थापित अलग शहीद वेदी पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
2006 की वो दर्दनाक दूसरी पाली
6 सितंबर 2006 को दूसरी पाली के दौरान 17 नंबर इंकलाइन में अचानक भीषण गैसीय विस्फोट हुआ था। इस भयावह हादसे में भूमिगत खदान में कार्यरत सभी 50 कामगारों की मौत हो गई थी, जबकि खदान के मुहाने पर मौजूद चार अन्य श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे, जो बाद में स्वस्थ हुए।
हादसे के बाद से बंद हैं 14 और 17 नंबर खदानें
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से बीसीसीएल ने 17 नंबर और 14 नंबर दोनों इंकलाइन को बंद कर दिया था। कभी भारी गहमागहमी वाला यह इलाका अब सुनसान हो चुका है। हालांकि श्रमिक संगठनों ने खदानों को आधुनिक सुरक्षा मानकों के साथ पुन: चालू करने की मांग को लेकर कई बार आंदोलन किए, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वर्तमान में यहाँ केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मी ही तैनात रहते हैं।
|