गया (कोंच)। जिले के कोंच थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझियामा गांव में एक नवविवाहिता की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय गीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज 12 दिन पहले ही हुई थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मेले से लौटने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, परैया थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी शिव पासवान की पुत्री गीता की शादी बीती 30 अप्रैल 2026 को मंझियामा निवासी अमित कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि घटना वाली रात गीता अपने ससुराल वालों के साथ इच्छापुर मेले से लौटी थी। वहां से लौटने के बाद मंगलसूत्र खोने की बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ। मायके पक्ष का दावा है कि इसी बात को लेकर गीता के साथ मारपीट की गई और सास ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डंडे के सहारे गला दबाकर गीता की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
|