धनबाद (समय न्यूज़ 24): रामनवमी के जुलूस के दौरान बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए उपद्रव के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त (DC) आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार ने देर रात खुद भिखराजपुर का दौरा किया और स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
स्थिति अब नियंत्रण में, सुरक्षा बल तैनात:
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के वरीय अधिकारी मौके पर पहुँच गए थे, जिससे स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
उपद्रवियों की पहचान शुरू:
एसएसपी प्रभात कुमार ने चेतावनी दी है कि इस घटना में शामिल किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन उपद्रवियों की पहचान कर रहा है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं या अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द बनाए रखें।
मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी:
निरीक्षण के दौरान जिले के लगभग सभी वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहे, जिनमें सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, एसडीएम श्री लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, डीएसपी श्री शंकर कामती, श्री अरविंद कुमार सिंह, और एसडीपीओ सिंदरी श्री आशुतोष सत्यम शामिल थे।
|